Chhota Mahadev Tamia Chhindwara | छोटा महादेव तामिया छिन्‍दवाड़ा

 छोटा महादेव तामिया छिन्‍दवाड़ा

Chhota Mahadev Tamia Chhindwara MP

छोटा महादेव छिंदवाड़ा शहर का बहुत ही प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। यह छिंदवाड़ा जिले के तामिया तहसील में वन विभाग के रेस्ट हाउस से कुछ दूरी पर नीचे सघन वन क्षेत्र में पहाड़ियों से घिरा हुआ है। यह भगवान भोलेनाथ का स्थान है। यहां पर दूर-दूर से पर्यटक भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए आते हैं। यहां प्राकृतिक जलप्रपात बना हुआ है। विशाल पहाड़ से नीचे गिरता पानी यहां के दृश्य को बहुत खूबसूरत बनाता है। छोटा महादेव प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर अद्भुत और देखने लायक स्‍थान हैं। छोटा महादेव का अनवरत बहता झरना तामिया की जीवन रेखा बताया जाता हैं। छोटा महादेव का मंदिर अति प्राचीन बताया जाता है। यह मंदिर एक गुफा के अंदर बना हुआ है इसलिये इसे छोटा महादेव की गुफा के नाम से भी जाना जाता है। इसके साथ ही यहां एक छोटा झरना भी है जो पुरे वर्ष बहता रहता है।
Chhota Mahadev Tamia Chhindwara | छोटा महादेव तामिया छिन्‍दवाड़ा
तामिया से कुछ दूरी पर छोटा महादेव जब आप आते है, तब आपको मुख्‍य द्वार दिखाई देता हैं। यहां से आप जंगल और पहाडों के बीच से होते हुए छोटा महादेव पहुंचते हैं। नीचे जाने के लिए कही सीढि़यां है, और कही आपके पास उचित रास्ता या सीढ़ियाँ भी नहीं होंगी। यहां कुछ जगह पर बहुत संकरा मार्ग है, इसलिए संभल कर चले। फिसलन भी हो सकती है। जब आप नीचे की ओर जाते है तब कुछ मंदिर भी दिखते हैं। साथ ही जंगल में कई झरने भी आपको दिखते है। यहां लगभग 30 फीट ऊंचाई के जलप्रपात को देखकर पर्यटक आनंदित हो जाते है। रास्ते में कई जगह पर व्यूप्वाइंट भी बनाए गए हैं। विशाल पेड़ और पहाड़ यहां गर्मी के मौसम में सूरज की चिलचिलाती किरणों से बचाने का कार्य करते हैं।

यहां एक बड़ी चट्टान के नीचे भगवान शिव का मंदिर स्थित है। इस चट्टान से बूंद-बूंद शिवलिंग पर गिरती जल की धारा भगवान का अभिषेक कर रही है। गुफा में पहुंचने के बाद हम बेहद शांत वातावरण का अनुभव कर सकते हैं। छोटा महादेव में हर हर महादेव की गूंज हर पल सुनाई देती है। छोटा महादेव में बारहमासी बहने वाला झरना प्रमुख आकर्षण का केंद्र है। बरसात के दिनों में पानी अधिक होता है। छोटा महादेव में प्राकृतिक रूप से अनेकों जलस्त्रोत है। पहाड़ियों से रिसकर आने वाला पानी चारों तरफ सुंदर मनोहारी दृश्य बनाता है। फिर यही पानी आगे घाटी में चला जाता है।

गुफा, जंगल, पहाड, झरने, जानवर, विशाल वृक्ष और नदियां इसे और भी खूबसूरत बनाती हैं। पहले छोटा महादेव जाने के लिए कुछ दुर्गम रास्ता था। आज छोटा महादेव की यात्रा पक्की सीढ़ी और रैलिंग से आसन हो गई है। छोटा महादेव पहुंचने के मार्ग में एक और ऊंची पहाड़ी और दूसरी ओर गहरी खाई हैं। झरने से गिरते पानी की आवाज और दृश्‍य हमें आनन्‍दित कर देते है। मन को असीम शांति का अनुभव होता हैं। यह देखने और घूमने के लिए बहुत ही खूबसूरत प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर स्‍थान है।

छोटा महादेव की एक किंवदंती है, ऐसा कहा जाता है कि परम शिव भक्त मेघनाथ पाताल लोक जाने से पहले इसी गुफा मंदिर से होते हुए महादेव की शिवलिंग की पूजा करते हुए पाताल कोट में प्रवेश किए थे।
बड़े-बड़े चट्टानी टुकड़ों के बीच, कही टेढ़े-मेढ़े कच्चे रास्ते, मिट्टी और पत्थर के बीच पहाड़ों से रिसता पानी, छोटा महादेव की यात्रा को रोमांचक बनाता हैं। पार्वती मंदिर के पास से गुजरती हुई बरसों पुरानी छोटी गुफा भी यहां है। यहां से होते हुए ही आप भोलेनाथ के मंदिर और झरने तक पंहुचते है। प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि पर्व, नववर्ष, मकर संक्रंति, और छुट्टियों में बड़ी संख्‍या में श्रध्दालु छोटा महादेव जाते है।

छिन्‍दवाड़ा जिले का हिल स्टेशन कहे जाने वाले तामिया में प्रकृति प्रेमी जरूर आते हैं। यहां से सूर्योदय और सूर्योस्त के दृश्य बहुत ही मनोरम दिखाई देते हैं। यह खूबसूरत पहाड़ी अपने प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण के लिए चर्चित है। बड़ी संख्या में पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्यता का आनंद लेने और पिकनिक मनाने पहुंचते है। अगर आप छिंदवाड़ा या इसके आस-पास है तो इस स्‍थान की यात्रा अवश्य करें। यात्रा के लिए यह बहुत ही सुंदर और शांतिपूर्ण जगह है। यहां कुछ समय बिताएं और इस जगह की सुंदरता का आनंद लें। पातालकोट घाटी और तामिया की यात्रा के दौरान इस स्थान की यात्रा की जा सकती है।

यह एक प्रसिद्ध प्राकृतिक पर्यटन व पिकनिक स्थल है। परिवार के सदस्‍यों और दोस्तों के साथ घूमने के लिए यह एक अच्छी जगह है। हर धर्म, सम्प्रदाय, क्षेत्र और हर आयुवर्ग के लोग यहां आज भी प्रकृति के शांत वातावरण में पिकनिक मनाने पहुचते है। यहां बारिश के मौसम में चलना मुश्किल हो सकता है। वर्षभर सैलानी छोटा महादेव पहुंचते है। यहां पर आकर आप अपने जीवन का बहुत अच्छा समय व्यतीत कर सकते है। बच्‍चो का ध्‍यान रखें। जब भी आप यहां आये या कही भी जाए तो कृपया गंदगी न फैलाये, स्‍वच्‍छता का ध्‍यान रखें।

यहां सेल्फी के लिए और फोटोग्राफी के लिए बहुत ही खूबसूरत दृश्‍य हैं। प्राकृतिक दृश्‍यों से भरपूर इस स्‍थान में आपको कई लोग सेल्‍फी लेते और फोटोग्राफी करते हुए दिख जाते हैं। यह जगह प्रकृति की गोद में स्थित है।

छोटा महादेव छिंदवाड़ा जिले के तामिया तहसील में वन विभाग के रेस्ट हाउस से लगभग 1.5 किलोमीटर की दूरी पर है।
छिंदवाड़ा से तामिया 57 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
छिंदवाड़ा से छोटा महादेव 59 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
पंचमढी से छोटा महादेव 49 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
नागपुर से छोटा महादेव 179 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

Reactions

Post a Comment

0 Comments